दिल्ली भाजपा द्वारा राजधानी में लगभग छह हजार पांच सौ बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना गया। इसमें केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत दिल्ली के सांसदों और विधायकों ने राजधानी के विभिन्न स्थानों में कार्यक्रम को सुना। मन की बात सुनने के उपरांत मीडिया से बातचीत में श्री पांडा ने कहा कि हर महीने की अंतिम रविवार को लोगों को प्रधानमंत्री की बातों को सुनने का अवसर मिलता है जिससे वह प्रेरणा ले सके और उनके बताए रास्तों पर चल सके।
वहीं, श्री सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम एक सरकारी कार्यक्रम नहीं रहा बल्कि जन जन का कार्यक्रम बन चुका है। उन्होंने रेखांकित किया कि लोग इस कार्यक्रम के माध्यम से एक विशेष संदेश और जानकारी प्राप्त करते हैं क्योंकि भारत के किसी भी कोने में अगर कुछ भी अलौकिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिघटनाएं होती हैं तो प्रधानमंत्री उसे जन जन तक पहुंचाने का काम करते हैं।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने भी मन की बात कार्यक्रम लोगों के साथ सुनने के लिए विभिन्न स्थानों में अलग-अलग आयोजन किए। मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज नई दिल्ली के प्रिंसेस गार्डन की झुग्गी बस्तियों में स्थानीय जनता के साथ कार्यक्रम को सुना। वहीं, आशीष सूद ने इसे जनकपुरी और कपिल मिश्रा ने त्यागराज स्टेडियम में किसानों के साथ सुना।