जनवरी 20, 2026 8:10 अपराह्न

printer

दिल्‍ली: बादली और बवाना के औद्योगिक क्षेत्र में दो सुविधा केंद्र स्‍थापित करने के प्रस्‍ताव को मंजूरी

दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने आज दिल्‍ली सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बादली और बवाना के औद्योगिक क्षेत्र में दो सुविधा केंद्र स्‍थापित करने के प्रस्‍ताव को मंजूरी दी। श्रीमती गुप्‍ता ने इस निर्णय पर खुशी व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि दिल्‍ली सरकार शहर के छोटे और सूक्ष्‍म उद्योगों को विश्‍व स्‍तर पर प्रतिस्‍पर्धी बनाने पर प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि ये सुविधा केंद्र छोटे उद्यमियों को कारोबार करने में सहायता प्रदान करेंगे। श्रीमती गुप्‍ता ने बताया कि इन केंद्रों के माध्‍यम से सूक्ष्‍म और लघु उद्योगों को साझा मंच प्रदान किया जाएगा। जहां वे बिना किसी भारी निवेश के आधुनिक मशीनों, प्रयोगशाला और प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगे। उन्‍होंने बताया कि यह परियोजना की अनुमानित लागत साठ करोड रुपये तय की गई है जिसमें प्रत्‍येक केंद्र पर तीस करोड रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इस कदम से न केवल उत्‍पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्‍पर्धा क्षमता बढेगी बल्कि रोजगार के नए अवसर पर सृजित होंगे।