जनवरी 26, 2026 7:25 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस परेड को देखते हुए यातायात परामर्श जारी किया

दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस परेड और संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात परामर्श जारी किया है। गणतंत्र दिवस परेड विजय चौक से लाल किले तक अपने पारंपरिक मार्ग से निकलेगी। इसके सुचारू संचालन के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था की गई है।

 

दिल्ली पुलिस ने लोगों को प्रतिबंधित समय के दौरान मध्य दिल्ली के मार्गों से बचने की सलाह दी है। पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्रों और वैकल्पिक मार्गों के बारे में सूचित किया है। कल रात से लागू यातायात प्रतिबंध परेड के दौरान जारी रहेंगे।

 

कर्तव्य पथ, परेड समाप्त होने तक यातायात के लिए बंद रहेगा। आज दोपहर 2 बजे तक विजय चौक और इंडिया गेट के बीच कर्तव्य पथ पर किसी क्रॉसिंग की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, इंडिया गेट के पास सी-हेक्सागन सुबह सवा नौ बजे से यातायात के लिए बंद रहेगा। तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह साढ़े 10 बजे से यातायात डायवर्ट कर दिया जायेगा।

   

दिल्ली मेट्रो ने आज सुबह 3 बजे सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं शुरू कर दीं ताकि लोग कर्तव्य पथ पहुंच कर गणतंत्र दिवस समारोह का आनंद ले सकें। मेट्रो ट्रेन सुबह 6 बजे तक हर 15 मिनट के अंतराल पर और उसके बाद सामान्‍य समय पर चलेंगी।