दिल्ली पुलिस ने आज नए साल के जश्न को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे और पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जायेगी। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार भी आज रात 9 बजे से बंद कर दिए जाएंगे। हालांकि, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन रवाना होने तक यात्रियों को प्रवेश की अनुमति दी जायेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने कहा है कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और नए साल की पूर्व संध्या पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। निगम ने बताया कि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गंतव्य वाले क्यूआर टिकट भी आज रात 8 बजे से दिल्ली मेट्रो के मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी नहीं किए जाएंगे। दिल्ली मेट्रो के शेष सभी नेटवर्कों पर मेट्रो सेवाएं नियमित समय सारिणी के अनुसार जारी रहेंगी।
इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए परामर्श भी जारी की है। इसके अनुसार, आज रात 8 बजे के बाद कनॉट प्लेस के आंतरिक और बाहरी सर्कल में किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालाँकि, वैध पास वाले वाहन को अनुमति दी जाएगी।