जनवरी 3, 2026 6:58 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2025 में वीजा-पासपोर्ट धोखाधड़ी मामलों में 130 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा इकाई ने वर्ष 2025 में वीजा और पासपोर्ट धोखाधड़ी के मामलों में शामिल व्यक्तियों पर कार्रवाई करके एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दिल्ली पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि पिछले वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 130 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच अधिकारियों को धोखाधड़ी के लिए किए गए भुगतानों के वित्तीय पहलुओं की जांच करने और धन के स्रोत का पता लगाने के लिए कहा गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 में फरार आरोपियों के खिलाफ 140 लुकआउट सर्कुलर जारी किए गए, ताकि विदेश भागने की कोशिश कर रहे अपराधियों को पकड़ा जा सके। इसके अलावा, इस अवधि में दशकों पुराने मामलों में शामिल व्यक्तियों सहित 119 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, दिल्‍ली पुलिस की हवाई अड्डा इकाई ने दलालों और यात्रियों के सामान और कार्गो की चोरी में शामिल व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की है। दलाली के मामलों में चार सौ से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चोरी के मामलों में लगभग 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।