दिल्ली नगर निगम ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जन भागीदारी को सुदृढ करने के उद्देश्य से सेवा पखवाड़ा के तहत नेहरू प्लेस मार्केट में ‘स्वच्छोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री के देश व्यापी स्वच्छता अभियान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसी स्वच्छता के जन आंदोलन के चलते आज पूरा देश खुले में शौच से मुक्त हुआ है। अपने संबोधन मे केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने जन कल्याण के इन कार्यक्रमो में उनका योगदान देने के लिए स्कूली बच्चों, पार्टी संगठन और व्यापारियों सहित समस्त प्रतिभागियों का धन्यवाद दिया।
उन्होंने स्वच्छता के प्रति योगदान के लिए दिल्ली नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा 151 गंदगी स्थलों को पूरी तरह समाप्त किया गया है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दिल्ली में 16 हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं और सैकड़ों आयोजन व स्वच्छता रैलियों की गई। इस मौके पर दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।