दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 25 मई को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार में लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और जनता का समर्थन मांग रहे हैं। इस बार, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन है और दोनों मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। राजधानी की चार लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और तीन लोकसभा सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। जबकि भाजपा के प्रत्याशी दिल्ली की सातों सीटों पर चुनाव मैदान में हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ, नई दिल्ली सीट से आप उम्मीदवार सोमनाथ भारती के पक्ष में मोती नगर इलाके में रोड शो किया। वहीं, इसी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने भी केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ चाणक्यपुरी क्षेत्र में रोड शो किया। चांदनी चौक सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ मॉडल टाउन इलाके में पदयात्रा की। इसी सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीन खंडेलवाल ने भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या के साथ आदर्श नगर क्षेत्र में रोड शो किया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने जगजीत नगर और घोंडा इलाके में जनसभाएं कीं। इस लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार ने बुराड़ी इलाके में पैदल यात्रा कर लोगों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की। पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी कुलदीप कुमार ने जंगपुरा विधानसभा के जीवन नगर वार्ड में जनसभा की। वहीं, इसी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा ने न्यू अशोक नगर और त्रिलोकपुरी इलाके में जनसंपर्क किया। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
राजधानी में छठे चरण के तहत इस महीने की 25 तारीख को मतदान होना है। मतगणना 4 जून को होगी।