मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि दिल्ली में 599 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा चंद्रावल का नया जलशोधन संयंत्र का परिचालन इसी वर्ष से शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह संयंत्र प्रतिदिन 105 मिलियन गैलन पानी की आपूर्ति करेगा, जिससे राजधानी की लगभग 11 प्रतिशत आबादी को लाभ मिलेगा।
दिल्ली सचिवालय में जल बोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि संयंत्र के शुरू होने से लीकेज और तकनीकी नुकसान कम होंगे तथा स्वच्छ जल की उपलब्धता बढ़ेगी।
इसके साथ ही एक हजार 331 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी पाइपलाइनें भी बदली जा रही हैं, जिससे करोल बाग, सदर बाजार, चांदनी चौक, पटेल नगर और आर.के. पुरम सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बेहतर होगी।
दिल्ली सरकार के अनुसार, वर्षों से लंबित यह परियोजना अब तेजी से पूरी की जा रही है और इससे राजधानी की जल आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।