मार्च 12, 2026 7:26 अपराह्न

printer

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने स्माइल योजना के तहत सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने आज स्माइल योजना के अंतर्गत भिक्षावृत्ति उन्मूलन और ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण एवं पुनर्वास के लिए कार्य कर रहे विभिन्न सामाजिक संस्‍थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान समाज के वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन, पुनर्वास और बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान सामाजिक संस्‍थानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की प्रस्‍तुति दी। संस्‍थाओं ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में उन्‍होंने राजधानी के विभिन्‍न क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर सैकडो लोगों से सम्‍पर्क किया और कई लोगों को भिक्षावृत्ति से बाहर निकालकर पुनर्वास की दिशा में आगे बढाया। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि स्‍माइल योजना सरकार की महत्‍वपूर्ण पहल है जिसका उद्देश्‍य भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक समस्‍या को समाप्‍त करना और बेसहारा लोगों को सम्‍मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि सरकार द्वारा सामाजिक संस्‍थानों को दिए जाने वाले संसाधनों और सहयोग के साथ पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि दिल्‍ली सरकार का लक्ष्‍य केवल भिक्षाव‍ृत्ति को कम करना ही नहीं बल्‍कि हर व्‍यक्ति को सम्‍मान, सुरक्षा और आत्‍मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है।