मई 30, 2024 8:32 अपराह्न

printer

दिल्‍ली के  मुंगेशपुर   में आज अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

राजधानी के लोगों को आज भी भीषण गर्मी  का सामना करना पडा। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते कई इलाकों में दोपहर को रास्‍ते और बाजार सुनसान नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार दिल्‍ली में मुंगेशपुर में आज अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जोकि सामान्‍य से नौ डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जो सामान्‍य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के सफदरजंग स्‍टेशन में अधिकतम तापमान 45 दशमलव छह डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पालम स्‍टेशन में 46 दशमलव चार डिग्री सेल्सियस और आया नगर स्‍टेशन में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दिल्‍ली और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी की संभावना है। कल का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।