दिसम्बर 13, 2025 4:41 अपराह्न

printer

दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के तृतीय दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के तृतीय दीक्षांत समारोह में छात्रों को सम्‍मानित और संबोधित किया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि द्वारका स्थित यशोभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्‍ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी उपस्थित थे।

 श्री सक्सेना ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और दीक्षांत समारोह के विषय सतत और समावेशी विकास के लिए इंजीनियरिंग शिक्षा पर अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि सभी विकासात्मक और प्रगतिशील कार्यों में पारिस्थितिक स्थिरता के सर्वोच्च महत्व पर जोर देना चाहिए। उन्‍होंने जलवायु परिवर्तन, कार्बन उत्सर्जन और मरुस्थलीकरण से संबंधित संयुक्त राष्ट्र परिषद के लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपराज्‍यपाल ने उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने पेशेवर भविष्य को इन्हीं लक्ष्यों के अनुरूप ढालें, ताकि देश और विश्व का सतत तथा न्यायसंगत विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यहां से उत्‍तीर्ण युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश की प्रगति में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नवाचार आज केवल विचार नहीं, बल्कि नीति और प्राथमिकता बन चुका है।

वहीं, श्री सूद ने कहा कि भारत के प्रतिभाशाली इंजीनियर मानवता के लिए नवाचार करने, लाखों लोगों की सेवा करने वाले समाधान विकसित करने और ब्रांड इंडिया को वैश्विक स्तर पर चमकाने के लिए एक कदम आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवाचार की शुरुआत प्रयोगशाला में नहीं, बल्कि साहस के एक क्षण में होती है। प्रादेशिक समाचार के लिए नीतिका गुप्‍ता।