अक्टूबर 31, 2025 6:09 अपराह्न

printer

दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित संगोष्‍ठी को संबोधित किया

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज विश्वास नगर स्थित प्रशिक्षण निदेशालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित संगोष्‍ठी को संबोधित किया। यह संगोष्‍ठी राष्ट्र की एकता और सिविल सेवाओं की भूमिका के विषय पर आधारित था।
 
 
उपराज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के संस्‍थापक थे और उन्‍होंने आजादी के बाद देश को एक नई राह दिखाई। उन्‍होंने कहा कि उनके नेतृत्‍व, इच्‍छा-शक्ति और परिकल्‍पना ने अखंड और मजबूत भारत को आकार दिया। उपराज्‍यपाल ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की भौगोलिक रूपरेखा के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक भविष्‍य को भी एक रूप दिया। उन्‍होंने कहा कि सिविल सेवाओं द्वारा सरदार पटेल ने एक ऐसे संस्‍थान को स्‍थापित किया जो ब्रिटिश राज के बदले भारत की जनता के लिए काम करता हो।   
 
 
 
मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि यह आयोजन केवल एक स्मरण नहीं, बल्कि एक प्रेरणा और सतत मिशन है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से जुड़ा है। उन्‍होंने कहा कि इस सोच को ज़मीन पर उतारने में अधिकारी सबसे बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि सरकार दिशा तय करती है, परंतु उस दिशा को गति और परिणाम देने वाले सिविल सेवक होते हैं जो राष्ट्र की प्रगति की असली शक्ति उनके समर्पण, निष्ठा और उत्तरदायित्व में निहित है।