दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी ने आज शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर श्री सक्सेना ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी लोगों के जीवन में नई ऊर्जा, आरोग्य और सुख-समृद्धि प्रदान करने की कामना की। वहीं एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दीपावली का पर्व लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि लाये। उन्होंने दिल्लीवासियों पर माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा बनी रहने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बार दीपावली का त्योहार दिल्ली के लिए अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पर्यावरण अनुकूल ग्रीन पटाखों के साथ उल्लास मनाने की अनुमति है, वहीं दूसरी ओर आजादी के बाद पहली बार कर्तव्य पथ पर दीपोत्सव का आयोजन हुआ। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि यह दीपोत्सव नए भारत की संकल्प शक्ति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।
वहीं आतिशी ने भी माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश से लोगों के जीवन को खुशियों से भरने, समृद्धि और सफलता प्रदान करने की कामना की।