दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए अवसरों का सृजन और देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। नई दिल्ली में आज एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने इस वर्ष के बजट को अगली पीढ़ी का बजट बताया, जो स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों को रोजगार सृजन से सीधे जोड़ता है।
उन्होंने विशेष रूप से प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावासों के प्रावधान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे दिल्ली आने वाली महिलाओं सहित सभी महिलाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस के लिए बजट आवंटन बढ़ाकर 12,500 करोड़ रुपये करने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके लिए विकसित दिल्ली के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।