दिल्ली की मुख्यमंत्री, रेखा गुप्ता, ने आज सी.एम. जनसुनवाई पोर्टल और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए दिल्ली सरकार जनसुनवाई को डिजिटल बनाने के साथ-साथ इसे सरल, प्रभावी और पारदर्शी बना रही है।
आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल और मोबाइल ऐप’ के साथ-साथ शिक्षा विभाग द्वारा नए ‘कमजोर और दिव्यांग वर्ग के लिए पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल’ के माध्यम से आय, निवास, जाति, विवाह, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड सहित 75 सरकारी सेवाओं को 7 हजार कॉमन सर्विस सेंटर से जोड़ने के कार्यों का भी शुभारंभ किया। जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से दिल्लीवासी अब पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी समस्याओं की शिकायत सीधे दर्ज कर सकेंगे। वहीं ‘कमजोर और दिव्यांग वर्ग के लिए पोर्टल’ निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और स्पष्ट बनाएगा, जिससे बच्चों को सही और निष्पक्ष अवसर मिल सकेंगे।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही माध्यमों से दिल्ली की जनता अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचा सकेगी। उन्होंने बताया कि इन शिकायतों पर काम करने के लिए सरकारी कॉल सेंटर भी सक्रिय रहेंगे। साथ ही, पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पोर्टल पर एक व्यवस्थित फीडबैक प्रणाली भी उपलब्ध रहेगी, जिससे राजधानी के हर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।यह कदम दिल्ली में नागरिक सुविधाओं को और भी सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।