दिल्ली की एक अदालत ने आज अनमोल बिश्नोई को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की 11 दिनों की हिरासत में भेज दिया। अभिकरण ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और करीबी सहयोगी अनमोल को अमेरिका से प्रत्यर्पण और गिरफ्तारी के बाद आज शाम पटियाला हाउस कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया। अदालत ने अनमोल को अभिकरण की उस याचिका पर 11 दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया जिसमें आरोपी से 15 दिनों की हिरासत में पूछताछ की माँग की गई थी।
अनमोल, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के आवास पर गोलीबारी, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या और कई अन्य अपराधों के सिलसिले में वांछित है। उसे पिछले साल नवंबर में अमरीका में हिरासत में लिया गया था। 2022 से फरार, अमरीका में रहने वाला अनमोल 19वाँ आरोपी है जिसे उसके भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकवादी-गैंगस्टर सिंडिकेट में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया था।