दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्री सक्सेना ने कहा कि सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के बल पर महात्मा गांधी ने न केवल देश को स्वतंत्रता दिलाई, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को मानवता और शांति का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श और विचार सदैव राष्ट्र ही नहीं, बल्कि विश्व को मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण की मूल प्रेरणा है और हमें कर्तव्य, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण का भाव देता है। श्रीमती गुप्ता ने सभी से आग्रह किया कि स्वच्छता, स्वदेशी और सद्भाव के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।