जनवरी 20, 2026 2:04 अपराह्न

printer

दावोस में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने यूएई के आर्थिक एवं पर्यटन मंत्री से मुलाकात की

आंध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री एन चन्‍द्रबाबू नायडू ने आज दावोस में विश्‍व आर्थिक मंच शिखर सम्‍मेलन में संयुक्‍त अरब अमीरात के आर्थिक और पयर्टन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक़ अल मररी के साथ मुलाकात की। इस बैठक के दौरान श्री नायडू ने खाद्य सुरक्षा, लॉजिस्टिक्‍स, बंदरगाह आधारित उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन और अवसंरचना में निवेश अवसरों की रूपरेखा प्रस्‍तुत की।

इस वार्ता में आंध्र प्रदेश और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच आर्थिक संबंधों को सशक्‍त बनाने पर ध्‍यान केन्द्रित किया गया। श्री अल मररी दुबई खाद्य कलस्‍टर के जरिए खाद्य प्रसंस्‍करण के क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के साथ कार्य करने पर सहमत हुए। दोनो पक्षों ने आन्‍ध्र प्रदेश में बहुपक्षीय लॉजिस्टिक्‍स पार्क स्‍थापित करने के लिए श्राफ समूह द्वारा दिए गए एक प्रस्‍ताव पर चर्चा की।

मुख्‍यमंत्री ने दुबई स्थित एक प्रमुख वैश्विक लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्‍ड के साथ विकसित होते विशाल बंदरगाह टर्मिनल और लॉजिस्टिक्‍स अवसंरचना पर चर्चा की। उन्‍होंने एडीएनओसी के जरिए फ्लोटिंग स्टोरेज और री-गैसिफिकेशन स्‍थापित करने को लेकर भी बातचीत की। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि संयुक्‍त अरब अमीरात के साथ रणनीतिक भागीदारी आंध्र प्रदेश में उद्योग, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देगी। श्री अल मैरी ने यूएई सरकार और अग्रणी कंपनियों से पूर्ण समर्थन मिलने का आश्‍वासन दिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला