दक्षिण पूर्व एशिया में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या आज 600 के पार पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि सप्ताह में हज़ारों विस्थापित लोगों के लिए राहत कार्य जारी रहे। इंडोनेशिया में 435, थाईलैंड में 170 और मलेशिया में तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
दक्षिण पूर्व एशिया के देशों में बचाव और राहत अधिकारी आज भी बाढ़ प्रभावित कई इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। आधिकारिक आकड़ों के अनुसार 40 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इन आकडों में दक्षिणी थाईलैंड के लगभग 30 लाख और पश्चिमी इंडोनेशिया के 11 लाख लोग शामिल हैं। मलक्का जलडमरूमध्य में दुर्लभ उष्णकटिबंधीय तूफ़ान के कारण एक हफ़्ते तक मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं के कारण इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड में भारी तबाही हुई।