फ़रवरी 17, 2026 5:32 अपराह्न

printer

दक्षिण चीन सागर में बढ़ा तनाव, अमरीका–फिलीपींस रक्षा सहयोग मजबूत

अमरीका दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामक गतिविधियों को रोकने के लिए फिलीपींस में अतिरिक्त अत्याधुनिक मिसाइल प्रणालियां तैनात करने की योजना बना रहा है। मनीला में वार्षिक वार्ता के दौरान, अमरीका और फिलीपींस के अधिकारियों ने विवादित समुद्री क्षेत्र में चीन की अवैध, आक्रामक और भ्रामक गतिविधियों की निंदा की। वहीं, चीन ने अमरीका की तैनाती पर आपत्ति प्रकट की है और कहा है कि ये हथियार क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं।

    हालांकि, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने मिसाइल लॉन्चरों को वापस लेने की मांग खारिज कर दी है। दोनों देशों ने संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विस्तार करने, फिलीपींस की सेना का आधुनिकीकरण और क्षेत्रीय दावेदारों के बीच बढ़ते समुद्री टकरावों को देखते हुए नौवहन की स्वतंत्रता का समर्थन करने का संकल्प लिया।