फिलीपीन तटरक्षक बल ने आज बताया कि विवादित दक्षिण चीन सागर के एक उथले क्षेत्र में चीनी तटरक्षक जहाजों द्वारा जल तोपों से पानी बरसाने के नतीजे में तीन फिलीपीनी मछुआरे घायल हो गए और दो नौकाओं को भारी नुकसान पहुंचा। मनीला में तटरक्षक बल ने कहा कि कल सबीना शोअल के पास लगभग दो दर्जन फिलीपीनी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को जल तोपों और आक्रामक नाकाबंदी का निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि एक छोटी चीनी तटरक्षक नौका ने कई फिलीपीनी नौकाओं की लंगर की रस्सियां काट दीं, जिससे मछुआरों की जान खतरे में पड़ गई। एक बयान में, फिलीपीन तटरक्षक बल ने चीनी तटरक्षक बल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त आचरण मानकों का पालन करने और समुद्र में जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है। चीन के तटरक्षक बल ने कल कहा कि उसने कई फिलीपीनी नौकाओं को खदेड़ दिया है और क्षेत्र में नियंत्रण के उपाय किए गए हैं।
Site Admin | दिसम्बर 13, 2025 6:39 अपराह्न
दक्षिण चीन सागर में चीनी तटरक्षक की जल तोप कार्रवाई, तीन फिलीपीनी मछुआरे घायल