दक्षिण कोरिया ने विवादित द्वीप पर जापान के सरकारी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर आपत्ति जताई है। दक्षिण कोरिया ने इसे अपने क्षेत्र पर अनुचित दावा बताते हुए आधिकारिक बयान में कहा कि वह जापान के शिमाने प्रांत द्वारा आयोजित किए जाने वाले ताकेशिमा दिवस कार्यक्रम का कड़ा विरोध करता है। दक्षिण कोरिया ने कार्यक्रम में एक वरिष्ठ जापानी अधिकारी की उपस्थिति पर भी आपत्ति जताई है और जापान से समारोह को तुरंत रद्द को कहा है। इस छोटे से द्वीप को जापान में ताकेशिमा और दक्षिण कोरिया में डोकडो के नाम से जाना जाता है। दक्षिण कोरिया, ऐतिहासिक, भौगोलिक और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत डोकडो को दक्षिण कोरिया का संप्रभु क्षेत्र बताता आया है। साथ ही द्वीपों पर जापान के क्षेत्रीय दावों का बार-बार विरोध करता रहा है।
इस द्वीप पर नियंत्रण लंबे समय से दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव का कारण रहा है, जिसकी जड़ें वर्ष 1910 से 1945 तक कोरियाई प्रायद्वीप पर जापान के औपनिवेशिक शासन से जुड़ी हैं।