दक्षिण कोरिया और जापान ने नौ साल के बाद पहली बार अपने द्विपक्षीय नौसैनिक खोज और बचाव अभ्यास को फिर से शुरू करने पर सहमति व्यक्त की है। सियोल के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह कदम दोनों देशों के बीच सैन्य आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के प्रयासों का हिस्सा है। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू-बैक और उनके जापानी समकक्ष शिंजीरो कोइज़ुमी ने कल जापान के योकोसुका बंदरगाह शहर में वार्ता की।
एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में दोनों मंत्रियों ने दक्षिण कोरियाई सेना और जापानी आत्मरक्षा बल के बीच आपसी समझ और विश्वास को बढ़ावा देने के लिए कर्मियों और इकाइयों के आदान-प्रदान को सक्रिय करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने ए.आई और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशने पर बल दिया। साथ ही रक्षा संबंधों को भविष्य-उन्मुख तथा पारस्परिक लाभ में की दिशा में आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
इस महीने की शुरुआत में, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने जापान में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग से मुलाकात की। इस दौरान औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं और ए.आई से लेकर कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण तथा अमरीका के साथ सहयोग जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।