दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में कथित तौर पर डेढ हजार से ज़्यादा लोगों की मौत होने और इससे करोड़ों लोगों के प्रभावित होने के कारण संयुक्त राष्ट्र इन देशों की सहायता में वृद्धि कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कहा कि श्रीलंका में संयुक्त राष्ट्र और उसके सहयोगी खाद्य सामग्री, स्वच्छता किट, पानी की टंकियों और निरंतर क्षति आकलन के माध्यम से सरकार के नेतृत्व वाले राहत प्रयासों का समर्थन कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने वियतनाम के सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांतों की सहायता के लिए केंद्रीय आपातकालीन प्रतिक्रिया कोष से 26 लाख अमेरिकी डॉलर आवंटित किए हैं, जिसमें आश्रय, पानी, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इंडोनेशिया के आचे क्षेत्र में, भीषण बाढ़ के कारण रसद और पहुँच में बाधा आने के कारण, संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के साथ समन्वय जारी रखे हुए है।
Site Admin | दिसम्बर 5, 2025 12:05 अपराह्न