मार्च 1, 2026 1:02 अपराह्न

printer

दक्षिण अमरीकी देश बोलीविया में सैन्य विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई

दक्षिण अमरीकी देश बोलीविया में सैन्य विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। यह हादसा शुक्रवार को पश्चिमी शहर एल अल्टो में हुआ, जो राजधानी ला पाज के पास स्थित है। दुर्घटनाग्रस्त विमान में 18 टन नई नोटों की खेप ले जाई जा रही थी।

 

हादसे में 29 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकांश वे लोग हैं जो उस स्थान पर सार्वजनिक परिवहन से यात्रा कर रहे थे जहां विमान आकर गिरा। मृतकों में 12 पुरुष, चालक दल का एक सदस्य, छह महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं।

   

सी-130 हरक्यूलिस विमान सांता क्रूज़ से आ रहा था, तभी वह रनवे से फिसलकर पास खड़े वाहनों से टकरा गया। विमान में आठ लोग सवार थे और यह खेप बोलीविया के केंद्रीय बैंक के लिए लाई जा रही थी। फोरेंसिक विशेषज्ञ अब भी मलबे से अवशेष बरामद कर रहे हैं।

   

अधिकारियों ने बताया कि बिखरी हुई नकदी को इकट्ठा करने की कोशिश कर रही भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। आगे लूटपाट रोकने के लिए पुलिस और सैन्य कर्मियों ने केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष डेविड एस्पिनोज़ा की मौजूदगी में नकदी के बक्सों को जला दिया।

 

उन्होंने कहा कि ये नोट कानूनी रूप से वैध नहीं थे क्योंकि वे कभी प्रचलन में नहीं आए थे। हालांकि, उन्होंने ले जाई जा रही कुल राशि का खुलासा नहीं किया। रक्षा मंत्रालय और विमानन अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।