जनवरी 30, 2026 8:21 अपराह्न

printer

दक्षिण अफ्रीका ने इस्राइल के उप राजदूत एरियल सीडमैन को 72 घंटों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया

दक्षिण अफ्रीका ने इस्राइल के उप राजदूत एरियल सीडमैन को परसोना नॉन ग्राटा यानि अवांछित व्यक्ति घोषित कर, उन्हें 72 घंटों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्रालय के अनुसार उप राजदूत सीडमैन द्वारा इस्राइली सोशल मीडिया पोस्ट में कई बार दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा का अपमान किया गया था। मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस्राइली अधिकारियों के दौरे के बारे में दक्षिण अफ्रीका को जानबूझकर सूचित नहीं किया गया था, जो राजनयिक मानदंडों और प्रथाओं का उल्लंघन है। वर्ष 2023 में इस्राइल द्वारा अपने राजदूत को वापस बुलाए जाने के बाद एरियल सीडमैन दक्षिण अफ्रीका में सबसे वरिष्ठ इस्राइली राजनयिक हैं।

इस्राइल के साथ दक्षिण अफ्रीका के राजनयिक संबंध पहले से ही काफी तनावपूर्ण हैं। इसका प्रमुख कारण है संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत में एक मामले में दक्षिण अफ्रीका द्वारा इस्राइल पर गजा में फलस्तीनियों के खिलाफ नरसंहार का आरोप लगाना।