दक्षिण अफ्रीका के एक बिना लाइसेंस वाले बार में हुई सामूहिक गोलीबारी में बच्चों सहित 11 लोगों की मृत्यु हो गई और 14 लोग घायल हो गए। इस घटना की जानकारी कल पुलिस ने दक्षिण अफ्रीकी शहर प्रिटोरिया में दी।
पुलिस ने बताया कि तड़के एक होस्टल बार में लगभग तीन बंदूकधारी घुस गए और वहां उपस्थित लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी। दस लोगों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दो लोगों की मृत्यु अस्पताल में हुई। इस घटना के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका बंदूक की हिंसा की घटनाओं से जूझ रहा है। प्रतिदिन 70 की औसत हत्या के साथ 2024 में 26 हजार से अधिक हत्याएं हुई हैं। इन हत्याओं में अवैध बंदूकों का इस्तेमाल किया गया है।
कड़े बंदूक कानून के बावजूद बिना लाइसेंस वाले शराबखानों में गोलीबारी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। पुलिस का कहना है कि 11 हजार से अधिक अवैध शराबखाने बंद कर दिये गए हैं। अप्रैल और सितम्बर के बीच अवैध शराब बिक्री करने वाले 18 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया।