जनवरी 18, 2026 10:28 अपराह्न

printer

दक्षिणी चिली में भीषण जंगल की आग, हजारों लोग प्रभावित

दक्षिणी चिली के कॉन्सेप्सियन के पास लगी जंगल की भीषण आग से बीस हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह आग कॉन्सेप्सियन शहर के निकट, बायोबियो क्षेत्र में 23 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैल गई है। तेज़ हवाओं, शुष्क मौसम, लंबे समय तक सूखे और आसानी से आग पकड़ने वाले शुष्क जंगलों के कारण यह आग और भड़क उठी है। प्रभावित जंगलों में चीड़ और यूकेलिप्टस के बड़े-बड़े बागान हैं, जो अत्यधिक ज्वलनशील हैं।

    इस आग ने जंगल के बड़े हिस्से को नष्ट कर दिया है और लगभग तीन हजार घरों को खतरे में डाल दिया है। अधिकारियों को विशेष रूप से इस बात की चिंता है कि आग की लपटें इंदुरा गैस संयंत्र तक पहुँच सकती हैं, जहाँ ज्वलनशील सामग्री का भंडारण है। दमकल कर्मियों और वन विभाग सहित आपातकालीन दल आग बुझाने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोगों को सलाह दी है कि वे बाहर धुएं के संपर्क में कम से कम आएं।