फ़रवरी 1, 2026 11:06 पूर्वाह्न

printer

थाईलैंड में प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए मतदान जारी

थाईलैंड में प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए मतदान जारी है। 8 फरवरी को आधिकारिक मतदान दिवस पर मतदान न कर पाने वाले 20 लाख से अधिक पात्र मतदाता भी इस प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। समय से पहले मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर दो मतपत्र दिए गए। जिसमें मतदाता प्रतिनिधि सभा के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार का चुनाव तथा अपनी पसंदीदा राजनीतिक पार्टी को वोट दे सकते हैं। 8 फरवरी के बाद सभी मतपत्रों की गिनती एक साथ की जाएगी।

50 करोड़ से अधिक मतदाता 500 सदस्यों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें से 400 सदस्य स्थानीय निर्वाचन क्षेत्रों से चुने जाएंगे जबकि 100 सीटें राजनीतिक पार्टियों को उनके लोकप्रिय मतों के अनुपात के आधार पर आवंटित की जाएंगी।

थाईलैंड के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 57 राजनीतिक दल संसद की सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और प्रधानमंत्री पद के लिए 90 से अधिक उम्मीदवारों को नामांकित किया है। अंतिम आधिकारिक मतगणना परिणाम 9 अप्रैल तक जारी किए जाने हैं। नई संसद को अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए 15 दिनों के भीतर सत्र बुलाना होगा, जिसके बाद प्रतिनिधि सभा नए प्रधानमंत्री का चुनाव करने के लिए मतदान करेगी।

थाईलैंड में पिछला आम चुनाव मई 2023 में हुआ था। वर्तमान कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनुतिन तब से तीसरे प्रधानमंत्री हैं। सितंबर 2025 में, अनुतिन को पीपुल्स पार्टी के समर्थन से इस शर्त पर प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था कि वे संवैधानिक संशोधन प्रक्रिया शुरू करेंगे। हालांकि, पीपुल्स पार्टी द्वारा पेश किया गया संवैधानिक संशोधन विधेयक 11 दिसंबर 2025 को संसद में पारित नहीं हो सका।