थाईलैंड की सत्तारूढ़ भूमजैथाई पार्टी कल हुए आम चुनाव में जीत की ओर अग्रसर है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को नई गठबंधन सरकार बनाने में बढ़त मिल गई है। चुनाव आयोग के अनुसार, लगभग 90 प्रतिशत मतदान केंद्रों से परिणाम आ चुके हैं और श्री अनुतिन की पार्टी 500 सीट में से 194 सीट पर आगे है।
प्रगतिशील पीपुल्स पार्टी 115 सीट पर आगे है। पिछले वर्ष जेल भेजे गये पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन छिनवात्रा समर्थित लोकलुभावन फेउ थाई पार्टी 77 सीटों पर आगे है।
प्रधानमंत्री अनुतिन ने कहा कि भूमजैथाई की जीत थाईलैंड के सभी नागरिकों की जीत है। पीपुल्स पार्टी के नेता नत्थाफोंग रुएंगपन्यावुत ने अपनी हार स्वीकार कर ली। श्री रुएंगपन्यावुट ने कहा कि उनकी पार्टी भूमजैथाई के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल नहीं होगी और न ही कोई प्रतिस्पर्धी गठबंधन बनाएगी।