थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद पर आज मलेशिया में बैठक होगी। थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचायी थाईलैंड के शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मैनेट के भी बातचीत में शामिल होने की आशा है।
इस बीच, थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष में मरने वालों की संख्या 32 हो गई है और 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। कल चौथे दिन भी यह संघर्ष जारी रहा। थाईलैंड ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मार्शल लॉ लगा दिया है।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कल रात स्कॉटलैंड में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने दोनों देशों को संघर्ष जारी रहने पर व्यापार समझौतों पर रोक लगाने की चेतावनी दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मलेशिया में आज होने वाली वार्ता तनाव कम करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। संघर्ष विराम के लिए कंबोडिया और थाईलैंड के सहमत होने की राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणा के बाद भी दोनों देशों के बीच गोलाबारी जारी रही।