त्रिपुरा विधानसभा द्वारा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी वर्गों के लोगों के लिए जन-प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही पर एक दिन की सेमिनार-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भागीदारी की। कार्यक्रम का उद्घाटन त्रिपुरा के गवर्नर इंद्रसेना रेड्डी नल्लू ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉक्टर मानिक साहा ने इस कार्यशाला का आयोजन करने के लिए त्रिपुरा विधानसभा और इसके उपाध्यक्ष के प्रति आभार प्रकट किय़ा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल वंचित तबकों सहित समाज के सभी वर्गों में जन विश्वास को सशक्त बनाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के अनुरूप है।
कार्यशाला में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश नारायण सिंह ने एक विकसित भारत के निर्माण में इस प्रकार की कार्यशालाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पूर्वोत्त्तर भारत के विकास पर विशेष बल दिया गया है।
इस कार्यशाला में राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री, त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद- टीटीएएडीसी के कार्यकारी सदस्य, विधायक और तीन स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।