अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि तेल के मूल्य में कमी लाने के लिए अमरीका के पेट्रोलियम भंडार का उपयोग करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमरीका के पास पर्याप्त तेल है। श्री ट्रंप ने ये बात भारत को रूसी तेल खरीदने से 30 दिन की छूट देने के संबंध में अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की घोषणा के संबंध में कही।
अमरीका ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा है कि यह छूट पश्चिमी एशिया में तनाव के बीच वैश्विक तेल की कीमतों को स्थिर करने का प्रयास है। भारत का लगभग 40 प्रतिशत तेल आयात पश्चिमी एशिया से होता है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा है कि देश में कच्चे तेल, एलपीजी और एलएनजी की कोई कमी नहीं है। भारत, रूस से प्रतिदिन लगभग दस लाख चालीस हजार बैरल तेल का आयात करता है जो 20 प्रतिशत के बराबर है।