तेलंगाना सरकार ने हाल ही में हुई तेज बारिश और बाढ़ से प्रभावित जिलों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए 200 करोड़ रुपये जारी किए हैं। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष मुख्य सचिव अरविंद कुमार ने कहा है कि कामारेड्डी, मेडक, निर्मल, आदिलाबाद, निज़ामाबाद, कुमुराम भीम आसिफाबाद और राजन्ना-सिरसिला जैसे सर्वाधिक प्रभावित जिलों को 10-10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे जबकि शेष 26 जिलों को 5-5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
यह धनराशि तत्काल क्षतिग्रस्त सड़कों को यातायात के योग्य बनाने, पुलियों, छोटे पुलों और निम्न-स्तरीय पुलों की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए निर्धारित की गई है। इन निधियों का उपयोग जान-माल, फसलों या पशुधन के नुकसान पर अनुग्रह राशि के रूप में नहीं किया जा सकता है। सरकार ने बाढ़ में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी स्वीकृत की है। सरकार ने जिलाधिकारियों को पशुधन और संपत्ति के नुकसान सहित अन्य प्रकार की क्षति की गणना पूरी करने का भी निर्देश दिया है, ताकि राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के मानदंडों के अनुसार आगे राहत प्रदान की जा सके। तेलंगाना में खासकर कामारेड्डी, मेडक, निर्मल और निजामाबाद जिलों में पिछले महीने 25 से 28 तारीख के बीच हुई भारी वर्षा के कारण बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। राज्य में वर्तमान मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 25 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। आठ जिलों में बहुत अधिक वर्षा हुई है जबकि अन्य 10 जिलों में अधिक बारिश हुई है।