तेलंगाना सरकार ने 17 सितम्बर को तेलंगाना – प्रजा पालना दिनोत्सवम के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी दिन 1948 में भारतीय संघ में हैदराबाद राज्य को शामिल किया गया था। राज्य की मुख्य सचिव शान्ति कुमारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया। 17 सितम्बर को सभी सरकारी कार्यालयों, शहरी स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी एक आधिकारिक कार्यक्रम में हैदराबाद में तिरंगा फहराएंगे। राज्य के सभी मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति जिला मुख्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
2023 में तत्कालीन भारत राष्ट्र समिति की सरकार ने 17 सितम्बर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया जबकि केन्द्र सरकार ने इसे हैदराबाद मुक्ति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में एक राजपत्र अधिसूचना जारी की।
ऑपरेशन पोलो के अंतर्गत एक पुलिस कार्रवाई के बाद 17 सितम्बर 1948 को हैदराबाद का विलय भारतीय संघ में कर दिया गया जबकि कुछ लोग हैदराबाद का निजाम शासन से मुक्ति के रूप में इसका उल्लेख करते हैं।