तेलंगाना में, नगरकुर्नूल जिले में आज सुबह एक सुरंग की छत गिरने से कम से कम आठ श्रमिकों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इस घटना में कई श्रमिक घायल हुए हैं। श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। यह घटना कंक्रीट के एक सेगमेंट के फिसलने के कारण हुई। यह सेगमेंट श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर सुरंग के नाके पर रिसाव को रोकने करने के लिए लगाया गया था।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा है कि इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं और उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अग्निशमन विभाग तथा हैदराबाद आपदा मोचन के कर्मचारियों को तत्काल राहत उपाय करने का निर्देश दिया है। सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।