तेलंगाना में देश में सबसे ज़्यादा अंगदान किए गए हैं। केंद्र सरकार ने दिल्ली में राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य सरकार को इसके लिए सम्मानित किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने हाल ही में राज्य के जीवनदान कार्यक्रम के प्रतिनिधियों को यह पुरस्कार प्रदान किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार तेलंगाना में वर्ष 2024 में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर लगभग पांच अंगदान की उल्लेखनीय उच्च दर दर्ज की जबकि राष्ट्रीय औसत प्रति 10 लाख जनसंख्या पर एक से भी कम है। इस उपलब्धि के सम्मान में राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन ने तेलंगाना को पुरस्कार प्रदान किया।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डी. राजनरसिम्हा ने अंगदान में तेलंगाना को राष्ट्रीय अग्रणी घोषित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री राजनरसिम्हा ने यह भी बताया कि आरोग्यश्री योजना के तहत अंग प्रत्यारोपण सर्जरी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।