तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी आज बायो एशिया 2026 अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के 23वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। दो दिन का यह वैश्विक सम्मेलन हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन का विषय है ‘टेक-बायो अनलीश्ड: एआई ऑटोमेशन और जीवविज्ञान में क्रांति’।
भारत तेजी से टेक-बायो नवाचारों के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। ऐसे समय में यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा के भविष्य को आकार देने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकी के लाभ उठाने पर केंद्रित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी विश्व-प्रसिद्ध जीवन विज्ञान संगठनों की विशेषता वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।
यह आयोजन क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति पर चर्चा करने के लिए वैश्विक विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के नेताओं को एक साथ लाएगा।
इसमें उद्योग मंत्री दुद्दिला श्रीधर बाबू, पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिसिन के प्रोफेसर ब्रूस एल. लेविन और एमजेन के मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. हॉवर्ड वाई. चांग सहित प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय वक्ता भाग लेंगे।
विश्वभर के प्रतिनिधि ‘तेलंगाना राइजिंग 2047 – विश्व स्तरीय जीवन विज्ञान पारिस्थितिकी तंत्र’ के विषय के अंतर्गत अगली पीढ़ी के बायोलॉजिक्स, एआई-संचालित अनुसंधान और विकास, डिजिटल परिवर्तन, फार्मा तथा बायोटेक के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में हिस्सा लेंगे।