अप्रैल 23, 2024 5:36 अपराह्न

printer

तीरंदाजी विश्‍व कप 2024 आज से चीन के शंघाई में शुरू

तीरंदाजी विश्‍व कप 2024 आज से चीन के शंघाई में शुरू हो रहा है। तीन बार की ओलंपिक खिलाड़ी दीपिका कुमारी तीरंदाजी विश्‍व कप में भारतीय चुनौती पेश करेंगी।

भारत ने इस महीने की 23 से 28 तारीख के बीच होने वाले विश्‍व कप के पहले चरण के लिए आठ पुरुष और आठ महिलाओं की सोलह सदस्‍यीय तीरंदाजी टीम को भेजा है।

दीपिका कुमारी मार्च महीने में भारत की तीरंदाजी चयन स्‍पर्धा में शीर्ष पर रहीं। वे महिलाओं की रिकर्व तीरंदाजी स्‍पर्धा में भाग लेंगी। पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारत के एकमात्र तीरंदाजी कोटा हासिल करने वाले धिराज बोम्‍मादेवारा और टोक्‍यो ओलिंपियन तरूणदीप राय तथा प्रवीण जाधव पुरुषों के रिकर्व स्‍पर्धा में भारत का नेतृत्‍व करेंगे। दो बार के ओलंपियन खिलाड़ी अतनु दास विश्‍व कप में जगह बनाने में असफल रहे।

पहले दो चरणों में तीरंदाजों के प्रदर्शनों पर 18 से 23 जून तक होने वाली स्‍पर्धा में अंताल्‍या में विश्‍व कप के तीसरे चरण के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। पेरिस 2024 ओलंपिक के पहले अंताल्‍या की स्‍पर्धा रिकर्व तीरंदाजों के लिए फाइनल में क्वालीफाई करने की प्रतिस्पर्धा होगी।

गैर ओलंपिक कंपाउंड तीरंदाजी में मौजूदा विश्‍व चैंपियन अदिति गोपीचंद स्‍वामी और विश्‍व चैंपियन रजत पदक विजेता ज्‍योति सुरेखा वेन्‍नम भारतीय महिलाओं की टीम में शामिल हैं।

एशियाई खेलों में कई बार के पदक विजेता अभिषेक वर्मा और विश्‍व चैंपियन रजत पदक विजेता रजत चौहान, अंडर 21 के विश्‍व चैंपियन प्रियांश और प्रथमेश फुगे भारतीय पुरुषों के कंपाउंड तीरंदाजी दल में शामिल हैं।

व्‍यक्तिगत स्‍पर्धाओं के विजेता अक्‍टूबर महीने में मैक्सिको के त्लाक्सकाला में होने वाले तीरंदाजी विश्‍व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला