ताइवान में कल रात पूर्वोत्तर शहर यिलान से लगभग 32 किमी दूर सात तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केन्द्र 73 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके राजधानी ताइपे सहित पूरे देश में महसूस किए गए। ताइपे सरकार ने बताया कि भूकंप से किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। कुछ जगहों पर इमारतों को मामूली नुकसान हुआ है।
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और लोगों से भूकंप के बाद आने वाले झटकों से सतर्क रहने का आग्रह किया।
इससे पहले वर्ष 2016 में दक्षिणी ताइवान में भूकंप से 100 से ज़्यादा लोग मारे गए थे जबकि 1999 में 7.3 तीव्रता के भूकंप में दो हजार से ज़्यादा लोगों की मृत्यु हो गई थी।