दिसम्बर 29, 2025 6:21 अपराह्न

printer

ताइवान ने द्वीप के आसपास चीन के संयुक्त सैन्य अभ्यास की निंदा की

ताइवान ने आज द्वीप के आसपास चीन के संयुक्त सैन्य अभ्यास की निंदा की। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी – पीएलए ने आज सुबह नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल और रॉकेट बलों के साथ मिलकर ‘जस्टिस मिशन 2025’ नामक एक संयुक्त सैन्य अभ्यास किया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जवाबी कार्रवाई की जा रही है और द्वीप की रक्षा के लिए सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं। ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह अभ्यास ताइवान जलडमरूमध्य और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता और सुरक्षा को कमजोर कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि ये अंतरराष्ट्रीय कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दे रहा है। चीन लगभग प्रतिदिन युद्धक विमान और नौसेना के पोत द्वीप की ओर भेजता है, और हाल के वर्षों में उसने इन अभ्यासों का दायरा और पैमाना बढ़ा दिया है। अक्टूबर में ताइवान सरकार ने चीन से सैन्य खतरे के मद्देनजर ताइवान शील्ड या टी-डोम वायु रक्षा प्रणाली के निर्माण में तेजी लाने की घोषणा की थी।