ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने आज कहा कि इसने जापान के दक्षिणी द्वीप योनागुनी की दिशा में पूर्वी तट के समुद्री क्षेत्र में चीनी विमान वाहक पोत को गुजरते हुए देखा है। मंत्रालय ने एक वक्तव्य में बताया कि विमान वाहक पोत लिआओनिंग की अगुवाई में चीनी जहाजों को आज तड़के पूर्वोत्तर ताइवान के समुद्री क्षेत्र से गुजरते हुए देखा गया है। फिर ये जहाज जापानी द्वीप योनागुनी के दक्षिण पूर्व की ओर बढ़ गए। मंत्रालय ने बताया कि ताइवान ने जहाजों को देखकर उसकी निगरानी करने के लिए बलों को भेजा।
चीन के रक्षामंत्रालय ने इस टिप्पणी का कोई जवाब नहीं दिया। चीन लोकतांत्रिक ताइवान को अपना क्षेत्र मानता है। ताइपेई की कड़ी आपत्ति के बावजूद चीन पांच वर्षों से इस द्वीप के आसपास नियमित सैन्य अभ्यास कर रहा है ताकि पेईचिंग की सम्प्रभुता की दावेदारी को स्वीकार करने के लिए ताइवान पर दबाव बनाया जा सके।