फ़रवरी 1, 2026 7:49 अपराह्न

printer

तमिलनाडु में केन्द्रीय बजट का हुआ व्यापक स्वागत

तमिलनाडु में कपड़ा उत्पादन बढ़ाने, तटीय फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहन देने, लघु और मध्यम उद्यमों-एसएमई को बढ़ावा देने, दुर्घटना मामलों में मुआवजे पर कर माफ करने और राज्य से संबंधित अन्य योजनाओं का व्यापक स्वागत हुआ है।

भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई के दक्षिणी क्षेत्र के उपाध्यक्ष पी. रविचंद्रन ने लघु और मध्यम उद्यमों पर ध्यान केंद्रित करने के सरकार के कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीआईआई सही प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करेगा। तमिलनाडु व्यापारी संघ के अध्यक्ष विक्रम राजा ने कहा कि जीएसटी कर में कमी करना सरकार का स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने खाद्य उत्पादों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे छोटे व्यापारियों को काफी मदद मिलेगी।

सलेम में डॉ. प्रभु ने जैव चिकित्सा फार्म के लिए नई पहलों की घोषणा और चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययन और अनुसंधान की घोषणा का स्वागत किया।
सलेम के एक व्यापारी शशिकुमार ने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे और उद्योग से संबंधित घोषणाएं निश्चित रूप से अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी।

दक्षिण भारतीय इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मिथुन रामदास ने कहा कि बजट में घोषित उपायों से विनिर्माण क्षेत्र को लाभ होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि रामदास ने तमिलनाडु के विकास के लिए 12 दशमलव दो लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में दुर्लभ-खनिज गलियारा, वस्त्र पार्क, पर्यटन योजनाएं, अधिचनल्लूर में सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना और उच्च गति रेल गलियारे जैसी योजनाएं निश्चित रूप से राज्य के विकास में योगदान देंगी।