डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर आधारित एक नाटक का मंचन कल दिल्ली भाजपा द्वारा राजधानी के कमानी ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी के रूप में भाजपा का हर कार्यकर्ता डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का अनुसरण करता है और भाजपा विचार आधारित पार्टी है। इसलिए उन विचारों को जन-जन पहुंचाने के लिए पिछले एक महीने से दिल्ली भाजपा द्वारा नाटक के मंचन की तैयारी की जा रही है। श्री सचदेवा ने बताया कि कल शाम 4 बजे मंचित होने वाले इस नाटक में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन से जुड़े पहलू देखने को मिलेंगे। जिसमें- बाल्या अवस्था में उनका स्वभाव, कॉलेज जीवन से लेकर युवा कुलपति बनने तक का सफर, राजनीतिक प्रवेश से लेकर देश की एकता के लिए नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा देना और फिर जम्मू कश्मीर यात्रा और शेख अब्दुल्ला से मिलना है, शामिल है।