कृत्रिम बुद्धिमत्ता-ए आई, बैंकिंग क्षेत्र में डेटा विश्लेषण को बेहतर बनाने, रुझानों और धोखाधड़ी के जोखिमों का पूर्वानुमान लगाने तथा ग्राहकों की सहभागिता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। नई दिल्ली में संपन्न इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो-2026 से यह पता चल गया कि एआई कैसे बैंकिंग तंत्र को तेजी से बदल रहा है। अब वॉइस-इनेबल्ड एआई एजेंट ग्राहक पूछताछ से लेकर बैकेंड संचालन तक सब कुछ संभाल रहे हैं, जिससे परिवर्तन का समय कम हो रहा है और पूरे क्षेत्र में सुधार हो रहा है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में ब्लू मशीन्स एआई की मार्केटिंग प्रमुख अर्पण खोसला ने बताया कि कंपनी एंटरप्राइज-ग्रेड वॉइस एआई ऑर्केस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है जिन्हें बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवा और विमानन सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहले से ही तैनात किया जा रहा है।
उन्होंने शिखर सम्मेलन को भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि इस प्लेटफॉर्म ने भारत को न केवल एक उपभोक्ता के रूप में, बल्कि एआई प्रौद्योगिकियों के निर्माता के रूप में भी प्रदर्शित किया है।