नागर विमानन महानिदेशालय-डी.जी.सी.ए. ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को हवाई अड्डा लाइसेंस प्रदान किया है। हवाई अड्डे को सार्वजनिक उपयोग श्रेणी के अंतर्गत संचालन के लिए लाइसेंस दिया गया है। नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि हवाई अड्डे का विकास चार चरणों में एक बहु-मॉडल कार्गो हब के साथ किया जा रहा है। पहले चरण में, एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ, हवाई अड्डे की क्षमता प्रति वर्ष लगभग एक करोड बीस लाख यात्रियों को संभालने की होगी। सभी चरणों के पूरा होने के बाद नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रति वर्ष सात करोड यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा।
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने उत्तर प्रदेश सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विमानन कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय हवाई अड्डा क्षेत्रीय आर्थिक विकास, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देगा। मंत्रालय ने कहा है कि भारत नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों के विकास और मौजूदा ब्राउनफील्ड हवाई अड्डों तथा क्षेत्रीय हवाई पट्टियों के उन्नयन के संतुलित दृष्टिकोण के माध्यम से विमानन नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहा है।