दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति- डीपीसीसी ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग- सीएक्यूएम के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले डीज़ल जनरेटर सेट के खिलाफ़ एक व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान, 300 औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थानों में लगे डीज़ल जनरेटर सेट की जांच की गई और 108 इकाइयों को सीलिंग मेमो तथा कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
इस संबंध में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि नियमों का पालन न करने वाली इकाइयों पर की गई यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर पर्यावरणीय मुआवज़ा भी लगाया जाएगा और दंड की गणना तय मानकों के अनुसार की जाएगी।