रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने एकीकृत रक्षा स्टाफ – आईडीएस और तीनों सेनाओं के सहयोग से आज सैन्य संचार के अंतर संचालन को सक्षम बनाने के लिए भारतीय रेडियो सॉफ्टवेयर आर्किटेक्चर-आईआरएसए मानक का पहला चरण जारी किया। इसे नई दिल्ली के डीआरडीओ भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के दौरान जारी किया गया। आईआरएसए का शुभारंभ रक्षा संचार प्रौद्योगिकियों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यशाला में आईआरएसए की यात्रा, इसके तकनीकी अवलोकन, पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिकाओं और भविष्य की दिशाओं पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम ने उद्योग, शिक्षा जगत और तीनों सेनाओं को सहयोग प्रदान करने का एक मंच दिया। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों, रक्षा उत्पादन विभाग और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिन्होंने स्वदेशी संचार तकनीकियों के विकास की दिशा में एक व्यापक और सहयोगी दृष्टिकोण की बात कही।