मार्च 11, 2026 7:41 पूर्वाह्न

printer

डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने किया स्वदेशी एडीसी-150 का सफल इन-फ्लाइट रिलीज परीक्षण

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन -डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से गोवा तट के पास पी8आई विमान से स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर एडीसी-150 के चार सफल इन-फ्लाइट रिलीज परीक्षण किए। ये परीक्षण 21 फरवरी से 1 मार्च, 2026 के बीच किए गए। इस एयर ड्रॉपेबल कंटेनर को डेढ़ सौ किलोग्राम पेलोड पहुंचाने के लिए डिज़ाइन और विकसित किया गया है। ये तट से दूर खुले समुद्र में तैनात संकटग्रस्त नौसैनिक जहाजों को महत्वपूर्ण भंडार, उपकरण और चिकित्सा सहायता प्रदान करने में नौसेना की परिचालन रसद क्षमताओं को बढ़ाएगा।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि भारतीय नौसेना की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए, पी8आई विमान के लिए एडीसी-150 प्रणाली को कम समय में विकसित और प्रमाणित किया गया। सभी विकासात्मक उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। इस प्रणाली को जल्द ही भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने की उम्मीद है।