राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली और कोलकाता में चल रहे सोने की तस्करी और अवैध रूप से सोना पिघलाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान के कारण 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा जब्त की गई और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान के दौरान 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आठ किलोग्राम से अधिक सोना, 19 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सात किलोग्राम चांदी और 51 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा जब्त की गई।
मंत्रालय ने बताया कि डीआरआई के अधिकारियों ने कोलकाता से ट्रेन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आए एक यात्री को रोका। उस यात्री के पास विदेशी मुहर वाला सोना था जिसे स्टेशन के बाहर उसे एक प्राप्तकर्ता को देना था। मंत्रालय ने कहा कि प्राप्त जानकारी के आधार पर, दिल्ली में तलाश अभियान चलाया गया, जिससे दिल्ली में एक अवैध सोना पिघलाने की सुविधा का पता चला, जिसका उपयोग स्थानीय बुलियन बाजार में बेचने से पहले विदेशी मूल के सोने को विकृत करने के लिए किया जाता था। मंत्रालय ने यह भी बताया कि आगे की जांच से कोलकाता का पता चला, जहां इस गिरोह के सरगना का पता एक अन्य अवैध पिघलाने वाली इकाई में और अधिक मिलावटी सोने के साथ लगाया गया।